बागेश्वर। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट और भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने 1 जुलाई 2026 (बुधवार) को जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बागेश्वर की ओर से जारी आदेश के अनुसार जनपद में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी पूरी तरह बंद रहेंगे।

यह निर्णय राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून की ओर से जारी सूचना और मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लिया गया है। प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी बागेश्वर और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौसम विभाग ने 1 जुलाई को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।







