- सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन का बड़ा फैसला, आरटीओ अरविंद पांडे के निर्देश पर पेट्रोल पंपों में शुरू हुआ नियम का पालन
हल्द्वानी/नैनीताल। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए जिले में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम को प्रभावी रूप से लागू कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब जिले के पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पहुंचने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे द्वारा इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र जारी करने के बाद जिलेभर में नियम का अनुपालन शुरू हो गया है। पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों को पेट्रोल उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ के सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं।
प्रशासन और परिवहन विभाग की टीम लगातार इसकी निगरानी कर रही है, ताकि नियम का प्रभावी तरीके से पालन कराया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा नैनीताल जनपद के प्रमुख प्रवेश मार्गों और एंट्री प्वाइंट पर भी टैक्सी एवं बाइक रेंटल से संबंधित प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले बोर्ड स्थापित कर दिए गए हैं। इन बोर्डों के जरिए बाहरी राज्यों और अन्य जिलों से आने वाले पर्यटकों एवं वाहन चालकों को पहले ही नियमों की जानकारी दी जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। आरटीओ अरविंद पांडे द्वारा जारी निर्देश में बताया गया है कि हाल के समय में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मौत और गंभीर चोटों के मामले बढ़े हैं। इन दुर्घटनाओं में अधिकांश मामलों में हेलमेट न पहनना एक प्रमुख कारण सामने आया है। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा के हित में यह व्यवस्था लागू की गई है।







