हल्द्वानी। नगर के विकास और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में मंगलवार को महापौर गजराज बिष्ट की अध्यक्षता में कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम की आय बढ़ाने और विकास कार्यों को गति देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य एजेंडा नगर निगम के राजस्व स्रोतों को मजबूत करना रहा, ताकि निगम क्षेत्र में चहुंमुखी विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके और नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
महापौर गजराज बिष्ट ने अधिकारियों और सदस्यों के साथ निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने से जुड़े प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान नगर निगम की दुकानों के नामांतरण से जुड़े विरासतन प्रस्तावों का भी निस्तारण किया गया। कार्यकारिणी समिति ने संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में पार्षद चंद्रप्रकाश, राजेंद्र कुमार, विद्या देवी, निर्मला तिवारी, हेमंत शर्मा, सलीम सैफी, प्रमोद पंत, हरगोविंद सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नगर विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर आगे की कार्ययोजना पर मंथन किया गया।





