हल्द्वानी। काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां शंटिंग के दौरान एक व्यक्ति ट्रेन के आगे कूद गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। जीआरपी काठगोदाम के प्रभारी निरीक्षक कमल कोरंगा ने बताया कि 23 जून को उप स्टेशन अधीक्षक द्वारा सूचना मेमो दिया गया था कि शंटिंग के दौरान ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन के आगे कूद गया है।
सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जीआरपी ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई, जिसके बाद मृतक की पहचान रविंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय किरण सिंह निवासी ठोकर लाइन, काठगोदाम कॉलटैक्स, हल्द्वानी के रूप में हुई। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है और वह नगर निगम में दैनिक वेतन कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। जीआरपी के अनुसार शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।





