- शटर बंद होने से नहीं बच सकी जान, लाखों का सामान और वाहन जलकर राख, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अमेजन के डिलीवरी स्टोर में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे के समय स्टोर का शटर बंद था और अंदर दो कर्मचारी सो रहे थे। आग और धुएं के बीच दोनों बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी जलकर और दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब साढ़े 11 बजे स्टोर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने कटर से शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा स्टोर जलकर खाक हो चुका था।
हादसे में गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित की मौत हो गई। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया गया है। आग की चपेट में आने से स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान, डिलीवरी पार्सल, चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और एक मालवाहक टेम्पो भी पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस और अग्निशमन विभाग सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।





