हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मुखानी पुलिस और SOG ने IPL सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 21 मई को मुखानी थाना क्षेत्र स्थित एस मोड़ के पास मधुबन कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में IPL मैचों पर सट्टा लगाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद और SOG की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां तीन लोग मोबाइल फोन के माध्यम से IPL मैचों पर सट्टेबाजी करते पाए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि गुप्ता निवासी दुर्गा कॉलोनी बनभूलपुरा, रोहित गुप्ता निवासी दुर्गा कॉलोनी बनभूलपुरा तथा मोहित प्रसाद निवासी नारायण नगर विक्टोरिया नंबर-1 मुखानी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, सट्टे का हिसाब-किताब दर्ज एक रजिस्टर, एक पेन और 51,100 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी प्रतिदिन लगभग सात से आठ लाख रुपये तक का सट्टा संचालित करते थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि अब तक करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये तक की सट्टेबाजी कराई जा चुकी है। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल और रजिस्टर से कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है, जिनके आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी रवि गुप्ता के खिलाफ पूर्व में आबकारी अधिनियम, महामारी संबंधी धाराओं और NDPS एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुखानी में FIR संख्या 62/26 के तहत धारा 13 जी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि IPL सट्टेबाजी और युवाओं को आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे अवैध नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






