नैनीताल। शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोपों में घिरे व्यक्ति के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच के बीच आरोपी से जुड़े बाउंसरों और हथियारबंद गनरों की गतिविधियों को लेकर पुलिस हरकत में आई और क्षेत्र में कथित तौर पर भय और दहशत फैलाने की शिकायतों के बाद उनके सत्यापन, पूछताछ और हथियारों की जांच की गई। जांच में लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग और लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर पुलिस ने हथियार जब्त करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को एक महिला ने कोतवाली मल्लीताल में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि नरेश पाण्डे ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर कोतवाली मल्लीताल में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसकी विवेचना जारी है। पुलिस विभिन्न साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति कथित बाउंसरों और हथियारबंद लोगों के साथ घूमकर भय और दहशत का माहौल बना रहा है।
सूचना के आधार पर 19 मई को नरेश पाण्डे से जुड़े बताए जा रहे बाउंसरों और प्राइवेट गनरों को कोतवाली भवाली बुलाकर उनका सत्यापन, हथियार लाइसेंस की जांच और पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि ऊधम सिंह नगर निवासी एक लाइसेंसधारी व्यक्ति अपनी निजी सुरक्षा के लिए जारी शस्त्र का उपयोग कथित रूप से नरेश पाण्डे को सुरक्षा देने में कर रहा था। पुलिस के अनुसार उक्त हथियार के साथ क्षेत्र में घूमकर भय का वातावरण बनाए जाने की बात भी सामने आई। लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया गया है। साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके अतिरिक्त दो कथित बाउंसरों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कहा कि जांच में हथियारों के उपयोग और लाइसेंस नियमों के उल्लंघन से जुड़े तथ्य सामने आए हैं तथा समाज में भय फैलाने के प्रयास को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






