पंतनगर। महिला संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पंतनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार बिंदुखत्ता निवासी एक महिला ने कोतवाली पंतनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग पुत्री को शिव कॉलोनी निवासी ध्रुव राजपूत अपने घर ले गया और उसके साथ गलत काम किया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 65(1) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी ध्रुव राजपूत पुत्र हर लाल निवासी शिव कॉलोनी, जवाहर नगर पंतनगर, उम्र 19 वर्ष को चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।







