नैनीताल। पर्यटन सीजन के बीच नैनीताल में अनधिकृत प्राइवेट टैक्सी संचालन पर प्रशासन सख्त हो गया है।कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने जिलाधिकारी और एसएसपी नैनीताल को निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन करने वालों के खिलाफ नियमित चेकिंग अभियान चलाने और कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा कि नगर पालिका नैनीताल क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्राइवेट वाहन नियमों के विपरीत टैक्सी के रूप में संचालित किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह गैरकानूनी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे वाहनों से दुर्घटना होने की स्थिति में यात्रियों को बीमा और मुआवजा का लाभ नहीं मिल सकेगा, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहता है। आयुक्त दीपक रावत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया है कि 15 दिनों का विशेष अभियान चलाकर ऐसे सभी निजी वाहनों की पहचान की जाए जो टैक्सी के रूप में उपयोग हो रहे हैं। साथ ही संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ चालान और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध टैक्सी संचालन करने वालों में हड़कंप मच गया है।






