हल्द्वानी। गर्मियों के मौसम में वनाग्नि के बढ़ते खतरे के बीच हल्द्वानी वन प्रभाग ने पूरी सतर्कता और तैयारी के साथ मोर्चा संभाल लिया है। प्रभागीय वन अधिकारी कुंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि वनाग्नि से निपटने के लिए विभाग ने सभी जरूरी इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए हैं और फिलहाल क्षेत्र में किसी भी बड़े खतरे की स्थिति नहीं है। डीएफओ कुंदन कुमार ने बताया कि वन प्रभाग के सभी क्रू स्टेशन पूरी तरह सक्रिय कर दिए गए हैं और वहां आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि फायर वॉचर्स की तैनाती भी पूरी कर ली गई है, साथ ही उनका बीमा कराकर सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया गया है। आग पर नियंत्रण के लिए जरूरी उपकरण भी संबंधित टीमों को उपलब्ध करा दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हल्द्वानी वन प्रभाग में वनाग्नि को लेकर कोई गंभीर अलर्ट नहीं है, लेकिन छोटी-मोटी घटनाओं पर भी विभाग पूरी सतर्कता के साथ तत्काल नियंत्रण कर रहा है। कुंदन कुमार ने भरोसा दिलाया कि विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।





