हल्द्वानी। शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक अहम कदम उठाते हुए गौला पार क्षेत्र में स्थापित आधुनिक एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर का शुभारंभ कर दिया है। इस पहल से न केवल कचरा निस्तारण की व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। महापौर गजराज सिंह बिष्ट द्वारा विधिवत उद्घाटन किए गए इस सेंटर के माध्यम से शहर में प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण और पुनर्चक्रण सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी, लेखा अधिकारी गणेश भट्ट समेत निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे, वहीं बेनी सेना की महिला सदस्याओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि इस सेंटर के संचालन से कचरे के प्रभावी प्रबंधन के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी और शहर के स्वच्छता स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा। नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि एमआरएफ सेंटर के जरिए कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर रिसाइक्लिंग की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा, जिससे लैंडफिल पर निर्भरता कम होगी और प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। इस नई व्यवस्था को हल्द्वानी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो शहर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।





