देहरादून। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। चकतुनवाला क्षेत्र में नगर निगम की सड़क पर अवैध कब्जा कर बनाई गई दीवार को प्रशासन ने ध्वस्त कर मार्ग को पूरी तरह कब्जामुक्त करा दिया, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे। जांच में स्पष्ट हुआ कि एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा नगर निगम की सड़क पर अनाधिकृत रूप से दीवार खड़ी कर रास्ता अवरुद्ध किया गया था। इसके बाद प्रशासन ने बिना देर किए कार्रवाई का आदेश जारी किया।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और भारी मशीनरी की मदद से अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में प्रशासन की सख्ती साफ नजर आई और अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि सार्वजनिक भूमि पर कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनपद में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक मार्गों पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध इसी तरह कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।





