हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर तमंचा लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। इंस्टाग्राम पर वायरल होने की चाह में अवैध हथियार के साथ फोटो पोस्ट करना युवक के लिए मुसीबत बन गया और पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के बाद हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को क्रियाशाला मंदिर क्षेत्र से दबोच लिया। युवक द्वारा सोशल मीडिया पर अवैध तमंचे के साथ तस्वीर साझा कर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने का प्रयास किया गया था, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया।
पुलिस टीम ने आरोपी अंश खत्री उर्फ अक्की (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन या दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।






