देहरादून। राजपुर क्षेत्र में बार में हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां दो पक्षों के बीच पीछा करने के दौरान हुई फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। घटना 30 मार्च की सुबह जोहड़ी गांव क्षेत्र की है, जहां मालसी की ओर से आ रहे दो वाहनों स्कार्पियो और फार्च्यूनर में सवार युवकों के बीच फायरिंग हो गई। इसी दौरान सड़क पर टहल रहे मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
जांच में सामने आया कि एक दिन पहले कुठालगेट स्थित एक बार में बिल को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जो अगले दिन खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिनके पास से हथियार भी बरामद हुए थे। अब पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए तीन अन्य आरोपियों आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की आपराधिक घटनाओं में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





