हल्द्वानी। हज यात्रा 2026 की तैयारियों के तहत बेस अस्पताल हल्द्वानी में स्वास्थ्य विभाग एवं हज कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में हज यात्रियों को अनिवार्य वैक्सीनेशन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हाजियों को आवश्यक टीके लगाए गए, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के संक्रमण या बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। इस विशेष टीकाकरण अभियान में हल्द्वानी, नैनीताल और अल्मोड़ा जनपदों से आए कुल 274 हाजियों को टीके लगाए गए। इनमें हल्द्वानी क्षेत्र के 101 से अधिक, नैनीताल के लगभग 165 तथा अन्य जनपदों के हाजी शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा व्यवस्थित ढंग से पंजीकरण, जांच और टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
कार्यक्रम में हज कमेटी के अध्यक्ष खतीब अहमद, मंडी समिति अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, राज्य मंत्री दिनेश आर्या, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार अहमद सहित कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने हाजियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं और समय पर टीकाकरण को आवश्यक बताते हुए सभी से इसका पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि हज यात्रा से पूर्व यह टीकाकरण प्रक्रिया अनिवार्य है और इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे हाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।





