हल्द्वानी। कड़ी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बीच नैनीताल पुलिस ने रंगों के पर्व होली को हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ मनाया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अनुशासन के साथ उत्सव का आनंद लेते हुए आपसी भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी आवास पर महिला पुलिस कर्मियों और पुलिस परिवार की महिलाओं द्वारा मंगल गीतों और सामूहिक नृत्य से हुई, जिससे पूरे माहौल में होली की उमंग और रंग घुल गए। इस अवसर पर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी ने पुलिस जवानों का उत्साह और मनोबल बढ़ाया। होली के इस आयोजन में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं पहल करते हुए पुलिस टीम के साथ कमिश्नर, आईजी और जिलाधिकारी के आवास पहुंचकर उन्हें रंग लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद हल्द्वानी कैंप कार्यालय में ढोल की थाप पर पुलिस अधिकारी और जवान रंगों में सराबोर नजर आए।



इस दौरान एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों को गुलाल लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों ने मिष्ठान और विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। होली गीतों पर पुलिस कर्मियों का उत्साहपूर्ण नृत्य देखने लायक रहा, वहीं पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और मर्यादा भी बनी रही। इस मौके पर पद और दायित्व की सीमाएं पीछे छूटती नजर आईं और सभी एक परिवार की तरह एक-दूसरे के रंग में रंगे दिखाई दिए। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पुलिस कर्मी अक्सर त्योहारों पर भी जनता की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। ऐसे अवसरों पर पुलिस परिवार के साथ खुशियों के कुछ पल साझा करने से उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है। इस अवसर पर एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडेय सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना और शाखा प्रभारी, पुलिस कर्मी, मीडिया प्रतिनिधि और पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।














