हल्द्वानी। महिलाओं को निशाना बनाकर मंगलसूत्र लूटने वाले शातिर अपराधी को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मुखानी क्षेत्र में हुई लगातार चेन स्नेचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को दबोच लिया है, जबकि उसका साथी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। बीते दिनों मुखानी और रामनगर क्षेत्र में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार होने की तीन घटनाओं ने दहशत फैला दी थी। 30 जनवरी और 4 फरवरी को मुखानी क्षेत्र में तथा 6 फरवरी को पीरूमदारा, रामनगर में महिलाओं को झांसा देकर या सामान खरीदने के बहाने मंगलसूत्र लूट लिए गए थे। इन घटनाओं के बाद एसएसपी ने तत्काल टीम गठित कर खुलासे के निर्देश दिए। लगभग 400 सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। सूचना मिली कि संदिग्ध बाइक संख्या HR 29 AF 2325 से कालाढूंगी की ओर से हल्द्वानी आ रहे हैं।
पुलिस ने कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, जिसमें एक आरोपी मौके से जंगल की ओर फरार हो गया, जबकि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज गांधी पुत्र नंदराम निवासी पदमपुर, थाना मिल्क खाना, जिला रामपुर (उम्र 36 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से दो पीली धातु के पेंडल बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने मुखानी और रामनगर में हुई तीनों घटनाओं को स्वीकार करते हुए बताया कि वह और उसका साथी दोबारा वारदात को अंजाम देने हल्द्वानी आ रहे थे, लेकिन पुलिस चेकिंग में पकड़े गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य जनपदों से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।







