हल्द्वानी। राजधानी दिल्ली से भीमताल शादी समारोह में शामिल होने आ रहे एक युवक को जहरखुरानों ने रास्ते में अपना शिकार बना लिया। बेहोशी की हालत में उसका मोबाइल, पर्स और नकदी लूट ली गई, वहीं उसके फोन से ऑनलाइन एक लाख रुपये की ट्रांजेक्शन भी कर ली गई। गंभीर स्थिति में युवक को हल्द्वानी में सड़क किनारे उतार दिया गया, जहां से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ के गणाई गंगोली निवासी पंकज पांडे, जो दिल्ली में डिजिटल मार्केटिंग का कार्य करता है, सोमवार रात आनंद विहार से रोडवेज बस में सवार होकर भीमताल के लिए निकला था। यात्रा के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उसे कथित रूप से नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिसके बाद वह अचेत हो गया।
इसी दौरान उसका पर्स, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली गई। आरोप है कि बदमाशों ने उसके मोबाइल का इस्तेमाल कर उसके खाते से करीब एक लाख रुपये भी ट्रांसफर कर लिए। मंगलवार सुबह हल्द्वानी पहुंचने पर युवक को काठगोदाम डिपो की बस से शीशमहल क्षेत्र में उतार दिया गया। सुबह टहलने निकले लोगों ने सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े युवक को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से उसे कुसुमखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना ने एक बार फिर रोडवेज यात्राओं में सक्रिय जहरखुरानी गिरोहों की मौजूदगी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।






