हल्द्वानी। कुमाऊं की आर्थिक राजधानी हल्द्वानी में सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा मिलने जा रही है। आम नागरिकों को सस्ती, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हल्द्वानी सिटी बस सेवा का शुभारंभ मंगलवार, 14 अक्टूबर 2025 को किया जाएगा। इस सेवा का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने कर कमलों से करेंगे।
उद्घाटन समारोह प्रातः 9 बजे सर्किट हाउस काठगोदाम, हल्द्वानी में आयोजित होगा। सिटी बस सेवा के शुभारंभ से हल्द्वानी शहर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन और अधिक सुगम होगा। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह सेवा पर्यावरण के अनुकूल, सुरक्षित और यात्रियों के लिए किफायती होगी। इस मौके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।






