हल्द्वानी। डीएम वंदना सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग एवं प्रशासन की टीम ने शनिवार को आरटीओ प्रवर्तन नंदकिशोर और सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में संयुक्त कार्यवाही करते हुए नैनीताल रोड में कॉल टैक्स से हाईडल रोड काठगोदाम तक चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने अनधिकृत पार्क किये गये 40 विभिन्न प्रकार के वाहनों के चालान किये गये। अभियान में परिवहन विभाग से दो परिवहन कर अधिकारी एवं दो उपनिरीक्षक मौजूद थे।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह नैनीताल रोड पर अनधिकृत रूप से वाहन पार्क करने वाले वाहन स्वामियों की एक बैठक परिवहन विभाग एवं प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से बुलाई गई थी। बैठक में सभी वाहन स्वामियों को अपने वाहन नैनीताल रोड पर पार्क न करने के निर्देश दिये गये थे, तथा एक सप्ताह का समय भी प्रदान किया गया था, लेकिन निर्देशों का पालन ना होता दिखाई दिया, जिसपर प्रवर्तन दलों को अधिक जुर्माने के साथ चालान के निर्देश दिये गये हैं। भविष्य में जो भी वाहन उक्त स्थल पर पार्क पाया जायेगा अधिकतम जुर्माने से दण्डित किया जायेगा।













