बाढ प्रभावित उत्तराखंड में एनडीआरएफ की 15 टीमें बचाव अभियान में जुटी

हल्द्वानी एैक्सप्रेस न्यूज़/नयी दिल्ली । उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के जारी रहने और मौसम विभाग के इस संबंध में रेड अलर्ट को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल एनडीआरएफ ने राहत और बचाव अभियान के लिए राज्य में अत्याधुनिक साजो सामान से लैस 15 टीमों को तैनात किया है जो बचाव अभियान में जुटी हैं।

एनडीआरएफ के प्रवक्ता ने मंगलवार को यहां बताया की छह टीमों को उधम सिंह नगर जिले , उत्तरकाशी और चमोली में दो-दो तथा देहरादून , पिथौरागढ़ और हरिद्वार में 1-1 टीम को तैनात किया गया है। इसके अलावा एक पूर्ण टीम और एक छोटी टीम को नैनीताल में तथा एक अन्य छोटी टीम को अल्मोड़ा में तैनात किया गया है। इन सभी टीमों की तैनाती राज्य सरकार के साथ सलाह मशवरे के बाद की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य में बचाव अभियान जोर शोर से चलाया जा रहा है और अब तक उधम सिंह नगर तथा अन्य प्रभावित क्षेत्रों से 300 से भी अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। एनडीआरएफ की एक टीम को उत्तरकाशी में तैयार रखा गया है।

इसके अलावा बाढ प्रभावित केरल में भी एनडीआरएफ की 11 टीमें तैनात हैं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में फिलहाल एनडीआरएफ की 103 टीमें तैनात हैं। साथ ही राजधानी दिल्ली में एनडीआरएफ का एक नियंत्रण कक्ष दिन रात सभी राज्यों के साथ संपर्क में बनाये हुए है।

उल्लेखनीय है कि राज्य के कुमाऊं मंडल के नैनीताल और अल्मोड़ा जनपद में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कहर से 29 लोगों की मौत हो गयी है जबकि एक व्यक्ति के लापता होने की खबर है। इसके अलावा संपत्ति का भी व्यापक नुकसान हुआ है।


अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए –
👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7351098124 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें

Read more

Local News