- विकासनगर में सनसनी, कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, घटना के कारणों की हर पहलू से जांच शुरू
देहरादून। विकासनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बंद मकान से गोली चलने की आवाज आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल मिली। पुलिस ने महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर किया गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह 10:19 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली विकासनगर को कल्याणपुर क्षेत्र के एक बंद मकान में गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मकान का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां कमरे में एक युवक मृत और एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। मृतक की पहचान कमलेश पुत्र दौलत सिंह, निवासी हयो, थाना चकराता के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला की पहचान संगीता नेगी पत्नी प्रीतम सिंह, निवासी ग्राम भटाणु, त्यूणी के रूप में हुई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संगीता नेगी अपने दो बच्चों के साथ उक्त मकान में किराये पर रहती थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलित किए। घटनास्थल से बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।







