देहरादून। राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। थाना बसंत विहार क्षेत्र के हरबंशवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे तेज रफ्तार में भाग निकले। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और अन्य अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटनास्थल से पुलिस ने दो अवैध देशी तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला और शाहनवाज सलमानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अब्दुल्ला पश्चिमी उत्तर प्रदेश का शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ सहारनपुर, मेरठ और गाजियाबाद में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ बसंत विहार थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।





