लालकुआं। नैनीताल जनपद के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हल्दूचौड़ क्षेत्र के पास गुमटी के समीप ऑटो और कार की आमने-सामने टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सीओ अमित सैनी के अनुसार ऑटो संख्या UK04TB-2641 और कार संख्या UK04AN-4247 के बीच सुबह करीब 7 बजे भिड़ंत हो गई।
हादसे में ऑटो सवार रोजी (28 वर्ष), पत्नी शाहरुख की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकद्दस जहां (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके अलावा ऑटो चालक शोएब खान सहित महरूबी अंसारी, शाहरुख, अरहान, उजैर, अर्श और छह माह की मासूम मन्नत भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सभी घायल हल्द्वानी के आजाद नगर, बनभूलपुरा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।





