हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत काठगोदाम क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 16 लाख 44 हजार रुपये कीमत की 54.80 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान कुंवरपुर बाईपास से गौलानदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते, गौलापुल काठगोदाम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशाद (34 वर्ष) निवासी इन्द्रा नगर, बनभूलपुरा के रूप में हुई है, जो पूछताछ में स्मैक को बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र से लाकर यहां सप्लाई करने की बात स्वीकार कर चुका है।
थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरोपी के खिलाफ काठगोदाम थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक जनपद में 20 मामलों में 25 तस्करों को गिरफ्तार कर कुल 4 करोड़ 15 लाख 60 हजार रुपये से अधिक कीमत की स्मैक बरामद की जा चुकी है। यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की गंभीरता को दर्शाती है। पुलिस ने आम जनता, खासकर युवाओं से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास सफल हो सकें।





