हल्द्वानी। भीषण गर्मी के बीच बिजली खपत तेजी से बढ़ने के बावजूद हल्द्वानी में फिलहाल पावर कट या रोस्टिंग की कोई स्थिति नहीं है। विद्युत विभाग ने साफ किया है कि बढ़ती लोड डिमांड के बावजूद आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रण में है और सिस्टम को सुचारु बनाए रखने के लिए तकनीकी सुधारों के साथ निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं पर विभाग की नजर है और स्मार्ट मीटर के जरिए कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन वर्तमान में सप्लाई व्यवस्था संतुलित है और कहीं भी रोस्टिंग या लोड शेडिंग की आवश्यकता नहीं पड़ी है। उन्होंने कहा कि केडी चौराहे क्षेत्र में कमलवागांजा फीडर पर अत्यधिक लोड के कारण कुछ तकनीकी दिक्कत सामने आई थी, जिसके समाधान के लिए ट्रांसफार्मरों को अलग-अलग फीडरों से जोड़कर व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।
अब एक ट्रांसफार्मर काठगोदाम फीडर और दूसरा कमलवागांजा फीडर से संचालित किया जा रहा है, जिससे बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि पीक आवर में बिजली लोड बढ़ने पर विभाग लगातार करेक्टिव एक्शन ले रहा है। जिन उपभोक्ताओं ने कम स्वीकृत लोड लेकर अधिक बिजली उपयोग शुरू कर दिया है, उनकी निगरानी की जा रही है। इसके लिए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को मोबाइल ऐप के माध्यम से वास्तविक बिजली खपत और स्वीकृत लोड की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि विभाग ऐसे उपभोक्ताओं को नोटिस भी जारी कर रहा है ताकि वे समय रहते अपना लोड बढ़ा लें। यदि निर्धारित क्षमता से अधिक बिजली उपयोग जारी रहा तो विभाग एकतरफा कार्रवाई भी कर सकता है। फिलहाल प्राथमिकता स्मार्ट मीटर लगाने और उपभोक्ताओं को जागरूक करने पर दी जा रही है, ताकि बढ़ती गर्मी के बीच शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखी जा सके।





