
हल्द्वानी एक्सप्रेस न्यूज़/जसपुर। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जनपद के जसपुर में पत्नी और सास की गला रेत कर हत्या करने वाले आरोपी का मंगलवार को रेलवे ट्रैक से शव बरामद हुआ है। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने आत्महत्या की है।
काशीपुर के पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 27 फरवरी को जसपुर के नत्था सिंह मोहल्ला में एक घर में दो महिलाओं जयंती देवी और निशु के शव बरामद हुए थे। दोनों की गला रेत कर हत्या की गयी थी। हत्या का आरोप निशु के पति सोनू पर लगा था। सोनू मौके से फरार हो गया था। हत्या अवैध संबंध के कारण हुए विवाद के चलते की गयी थी।
बताया जाता है कि सोनू के अवैध संबंध थे और उसकी पत्नी इसका विरोध करती थी। इसीलिये घर में विवाद रहता था। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
एसपी सिटी ने बताया कि गाजियाबाद की कविनगर पुलिस की ओर से आज जसपुर पुलिस से सम्पर्क किया गया और आरोपी की तस्दीक की गयी। बताया गया कि आरोपी का शव गाजियाबाद के कविनगर से रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ है। माना जा रहा है कि आरोपी ने आत्महत्या की है। शव के पास मिले दस्तावेजों से मृतक की पहचान हुई।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए –
👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें
हमारे इस नंबर 7351098124 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें