- सड़क सफाई के दौरान अनियंत्रित होकर मजदूर के ऊपर पलटा कंटेनर, हाइड्रा क्रेन से हटाया गया ट्रक, चालक की तलाश जारी
देहरादून। आशारोड़ी आरटीओ चेकपोस्ट के पास गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय मजदूर की कंटेनर ट्रक के नीचे दबकर मौत हो गई। सड़क सफाई का काम कर रहा मजदूर अचानक अनियंत्रित होकर पलटे कंटेनर की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआई के कार्य में लगे दो हाइड्रा क्रेनों की मदद से ट्रक को सीधा कर शव को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि आरटीओ चेकपोस्ट से करीब 150 मीटर पहले एक कंटेनर ट्रक सड़क किनारे पलट गया है और उसके नीचे एक व्यक्ति दबा हुआ है। सूचना मिलते ही चौकी आशारोड़ी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मौके पर कंटेनर ट्रक संख्या एचआर-69एफ-9351 पलटा हुआ मिला और उसके नीचे एक व्यक्ति दबा था।
पुलिस ने तत्काल एनएचएआई के कार्य में लगे दो हाइड्रा क्रेनों को मौके पर बुलाया और ट्रक को सीधा कराया। हालांकि तब तक ट्रक के नीचे दबे युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान महेश पुत्र रामदीन, निवासी ग्राम नंदूपुर, थाना कमासिन, जिला बांदा, उत्तर प्रदेश, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महेश मजदूरी का काम करता था। गुरुवार सुबह वह रोड साफ करने वाले कंप्रेसर से सड़क की सफाई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान सहारनपुर की ओर से आ रहा कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और महेश उसकी चपेट में आकर नीचे दब गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से कोरोनेशन अस्पताल भिजवा दिया है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद पुलिस ने कंटेनर ट्रक को कब्जे में लेकर सुरक्षा की दृष्टि से चौकी आशारोड़ी में खड़ा करा दिया है, जबकि हादसे के बाद से ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।






