- वन कर्मी की हत्या मामले में साथी गिरफ्तार, आरोपी की निशानदेही पर आला कत्ल बरामद
हल्द्वानी। टांडा क्षेत्र के पीपलपड़ाव जंगल में वन कर्मी की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का हल्द्वानी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब के नशे में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया और गुस्से में आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर वन विभाग में तैनात कर्मी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार 23 मई को टांडा क्षेत्र अंतर्गत भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर कार्यरत 50 वर्षीय मेवा लाल का शव मिलने से हड़कंप मच गया था।
सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में मृतक के साथ मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना कबूल करते हुए बताया कि रात में दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से वार कर मेवा लाल की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी तिवारी सिंह को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।






