- ड्रग इंस्पेक्टर ने दवाइयां कीं सीज, काउंसलर नहीं मिलने पर नोटिस
- संचालक को नियमों का पालन करने के निर्देश
हल्द्वानी। चोरगलिया स्थित निर्मल दर्शन नशा मुक्ति केंद्र में सोमवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम हल्द्वानी मोनिका के नेतृत्व में ड्रग इंस्पेक्टर, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग और पुलिस की टीम ने केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दवाइयों के रखरखाव और काउंसलिंग व्यवस्था से जुड़ी कमियां सामने आईं। एसडीएम मोनिका के अनुसार निरीक्षण के दौरान केंद्र में पुरुष और महिला दोनों मरीज पाए गए। संस्था का स्टेट मेंटल हेल्थ अथॉरिटी के निर्धारित मानकों के अनुरूप पंजीकरण भी पाया गया।
हालांकि, ड्रग इंस्पेक्टर की जांच में कुछ दवाइयों का स्टॉक निर्धारित तरीके से रखा हुआ नहीं मिला। इसके बाद संबंधित दवाइयों को सीज कर दिया गया। जांच में बिना स्टॉक में पंजीकरण के दवाइयां रखने का मामला भी सामने आया, जिस पर संस्था के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रकरण आगे बढ़ाया गया है। इसके अलावा केंद्र में काउंसलर भी कार्यरत नहीं पाया गया। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित संस्था को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने नशा मुक्ति केंद्र के प्रबंधक को केंद्र का संचालन निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के बाद प्रशासन ने संकेत दिया है कि नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




