- देश की 51 प्रभावशाली हस्तियों के साथ कमेटी में मिली जगह
- मानवाधिकार और हेट क्राइम मॉनिटरिंग से जुड़े मुद्दों पर करेंगे काम
हल्द्वानी। सामाजिक एवं मानवाधिकार से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय हल्द्वानी के शादाब आलम को ऑल इंडिया नेशनल मॉनिटरिंग कमेटी के सेक्रेट्रिएट में शामिल किए जाने पर समर्थकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है। कमेटी में देशभर की प्रमुख सामाजिक हस्तियों, एक्टिविस्टों, पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों, आयोगों से जुड़े सदस्यों और कानून विशेषज्ञों को शामिल किए जाने का दावा किया गया है। बताया गया है कि यह कमेटी देश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ कथित अत्याचार, मानवाधिकार उल्लंघन और हेट क्राइम से जुड़े मामलों की निगरानी एवं तथ्य जुटाने का काम करेगी। कमेटी में शादाब आलम को उत्तराखंड से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की बात कही गई है। शादाब आलम लंबे समय से हाई कोर्ट में जनहित याचिकाओं, फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट और हेट क्राइम ट्रैकिंग जैसे मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।
उनके समर्थकों का कहना है कि इन्हीं प्रयासों को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर की इस पहल से जोड़ा गया है। कमेटी से जुड़े नामों में पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, सांसद इकरा हसन, जियाउर्रहमान बर्क, इमरान मसूद, मोहम्मद अदीब सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख लोग शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ताओं और अन्य कानून विशेषज्ञों के साथ मिलकर आगे की रणनीति पर काम करने की बात कही गई है। हल्द्वानी के शादाब आलम को कमेटी में जिम्मेदारी मिलने को उनके समर्थक उत्तराखंड के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं। उनका कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न मामलों की निगरानी, तथ्य जुटाने और कानूनी माध्यमों से आवाज उठाने में शादाब आलम की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।




