उत्तराखंड: ठगी करने वाले शातिर अपराधी पर एसटीएफ का शिकंजा

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार के दिशा-निर्देश पर राज्य में इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ और लोहाघाट पुलिस के संयुक्त प्रयास से 25,000 रुपये के इनामी अपराधी जगमोहन सिंह को पंजाब के अमृतसर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में वांछित यह अपराधी पिछले छह वर्षों से फरार था और उसके खिलाफ उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कई मामले दर्ज हैं। एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर के निर्देशन में सीओ एसटीएफ आरबी चमोला की देखरेख में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार किए गए अपराधी पर उत्तराखंड के चम्पावत जनपद में 2018 में एक फर्जी फाइनेंस कंपनी खोलकर निवेशकों को धन दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने का आरोप है। ठगी के शिकार हुए लोकमणी जोशी ने लोहाघाट थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इस अपराधी ने किम फ्यूचर विजन सर्विसेज लिमिटेड नाम से कंपनी खोली थी और कई लोगों का धन हड़पकर फरार हो गया था। मामले की जांच के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी संभव नहीं हो सकी थी, और वह अदालत द्वारा फरार घोषित किया गया था।

Advertisement

चम्पावत पुलिस ने लंबे समय से उसकी तलाश जारी रखी और उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। कई प्रयासों के बाद, हाल ही में एसटीएफ को गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर टीम अमृतसर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर उत्तराखंड लाया गया है और अब लोहाघाट थाने में दर्ज मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।अपराधी जगमोहन सिंह के खिलाफ लोहाघाट, नैनीताल, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर, हरियाणा के अंबाला, और उत्तर प्रदेश के बस्ती में कई धोखाधड़ी और ठगी के मामले दर्ज हैं। एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि इनामी अपराधियों के खिलाफ इस तरह के अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि राज्य में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके। एसटीएफ टीम में निरीक्षक एमपी सिंह, उपनिरीक्षक बृजभूषण गुररानी, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, मुख्य आरक्षी जगपाल सिंह, आरक्षी गुरवंत सिंह एवं लोहाघाट पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार, सहायक उपनिरीक्षक धर्मेंद्र प्रसाद, मुख्य आरक्षी वजीर चंद शामिल रहे। 

Read more

Local News