- मतदाता सूची अपडेट करने के लिए चुनाव आयोग की बड़ी तैयारी, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम वोटर लिस्ट
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखण्ड समेत देश के 19 राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू करने की घोषणा कर दी है। राज्य में यह प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित की जाएगी। चुनाव आयोग के इस अभियान के तहत मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर घर-घर सत्यापन कराया जाएगा।मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार उत्तराखण्ड में 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कर्मचारियों के प्रशिक्षण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद 10 जुलाई से 11 सितंबर तक नोटिस जारी कर आपत्तियों और दावों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग द्वारा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 11,733 पोलिंग बूथ हैं, जिनके सापेक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 21,808 बूथ लेवल एजेंट (BLA) तैनात किए जा चुके हैं। चुनाव आयोग का यह अभियान आगामी चुनावों को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







