हल्द्वानी। स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने बड़ा कदम उठाते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट को शहर का स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर घोषित किया। वार्ड नंबर-4 स्थित आवास विकास के श्री पंचेश्वर मंदिर प्रांगण में आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान में महापौर गजराज सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी के बीच यह घोषणा की गई। कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं, बल्कि जनमानस में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि जब समाज के प्रेरणादायी चेहरे स्वच्छता अभियान से जुड़ते हैं, तो लोगों में सकारात्मक संदेश तेजी से पहुंचता है। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने लोगों से घर-घर स्वच्छता अपनाने की अपील करते हुए “स्वच्छ हल्द्वानी, स्वस्थ हल्द्वानी” का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे, तो शहर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर घोषित होने पर एकता बिष्ट ने नगर निगम और महापौर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन तभी सफल होगा, जब हर व्यक्ति व्यक्तिगत स्तर पर स्वच्छता को अपनी आदत बनाएगा। उन्होंने शहरवासियों से हल्द्वानी को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और पूर्व महापौर डॉ. जोगेंद्र पाल रौतेला ने एकता बिष्ट को बधाई देते हुए कहा कि इस पहल से युवाओं और आमजन में स्वच्छता को लेकर नई प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद हेमा भट्ट ने की। इस दौरान नगर निगम के कई पार्षद, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में स्वच्छता को लेकर उत्साह और जनभागीदारी साफ दिखाई दी।






