हल्द्वानी। शहर में सड़क निर्माण कार्यों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। एडीबी वित्त पोषित हल्द्वानी परियोजना के अंतर्गत यूयूएसडीए लगातार डामरीकरण और पीसी वर्क को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। बढ़ती महंगाई और कोलतार की कीमतों में भारी उछाल के बावजूद निर्माण कार्यों की गति बरकरार रहने से लोगों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। यूयूएसडीए प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह ने बताया कि हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में एडीबी सहायता प्राप्त परियोजना के पैकेज-3 के तहत विभिन्न क्षेत्रों में पीसी और डामरीकरण कार्य लगातार जारी है। वर्तमान में गिरजा विहार डीएमए-29, भट्ट क्लीनिक डीएमए-11 और सैनिक कॉलोनी गली नंबर-4 में पीसी वर्क प्रगति पर है।
इसके अलावा वार्ड नंबर 39, 41 और 43 में डामर वाली सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 दिनों में लगभग 15 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया गया है, जो परियोजना की तेज प्रगति को दर्शाता है। शहर के कई इलाकों में लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्यों में तेजी आने से आवागमन आसान होगा और धूल-मिट्टी तथा जलभराव जैसी समस्याओं से भी छुटकारा मिलेगा। यूयूएसडीए का कहना है कि महंगे होते निर्माण सामग्री और कोलतार की बढ़ती कीमतों के बावजूद परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि शहर की आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाया जा सके।






