रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने मानव तस्करी और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने गाबा चौक स्थित ‘ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून’ पर छापेमारी कर दो नाबालिग समेत पांच युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि संचालिका सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिल रही थी कि स्पा सेंटर में बाहरी राज्यों, खासकर मिजोरम से युवतियों को लाकर अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। इसी आधार पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीम ने औचक छापा मारा, जहां से आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और रिकॉर्ड बरामद हुए। मौके से पकड़े गए आरोपियों में स्पा सेंटर की संचालिका, उसका पति, स्टाफ और एक ग्राहक भी शामिल है।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी मिजोरम की युवतियों को अच्छे रोजगार का झांसा देकर उत्तराखंड लाते थे और बाद में उन्हें डराकर-धमकाकर देह व्यापार के लिए मजबूर करते थे। रेस्क्यू की गई सभी युवतियां मिजोरम की रहने वाली हैं, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम और पोक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मिजोरम के आइजोल स्थित ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन में दर्ज पहले के मामले के आधार पर वहां की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मानव तस्करी जैसे संगठित अपराध में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।







