देहरादून/ऋषिकेश। दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश के एक होटल में चल रही हाई-प्रोफाइल जुआ पार्टी का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई इस सर्जिकल स्ट्राइक में पुलिस ने मौके से 40 लोगों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में कैसिनो कॉइन, नगदी और शराब बरामद की है। कार्रवाई के बाद होटल को सील कर दिया गया है, जबकि लापरवाही के आरोप में आईडीपीएल चौकी का पूरा स्टाफ निलंबित कर दिया गया है। गोपनीय सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में छापेमारी की, जहां बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने मौके से 3356 कैसिनो कॉइन, 26 ताश की गड्डियां, 1 लाख 37 हजार 600 रुपये नगद और विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें बरामद कीं।
सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। छापेमारी के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित क्षेत्र में चेकिंग और सत्यापन अभियान में गंभीर लापरवाही बरती गई थी, जिसके चलते इतनी बड़ी अवैध गतिविधि संचालित होती रही। इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने आईडीपीएल चौकी प्रभारी सहित पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। घटना के बाद होटल मालिक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। इस कार्रवाई से साफ संकेत गया है कि दून पुलिस अब अवैध कारोबार और अपराध पर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी और लापरवाही बरतने वालों पर भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





