देहरादून। सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले आपत्तिजनक कमेंट मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी बाजार, थाना पटेलनगर प्रमोद शाह की ओर से मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मुस्लिम संप्रदाय के नबी पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद स्थिति बिगड़ने लगी। मामले के विरोध में पटेलनगर क्षेत्र में कुछ लोग एकत्र होने लगे, जिस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और शांति व्यवस्था बहाल की।
पूरे क्षेत्र में सघन कांबिंग करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान गुलशन (19 वर्ष), पुत्र वीर सिंह, निवासी ब्रह्मपुरी थाना पटेलनगर, मूल निवासी ग्राम सरोना थाना बिलग्राम जिला हरदोई के रूप में की है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आपत्तिजनक टिप्पणी को सोशल मीडिया से हटवा दिया गया है।






