- पर्यटकों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर दिया गया जोर
नैनीताल। पर्यटन और चारधाम यात्रा सीजन के बीच नैनीताल जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस और एसएसबी के बीच समन्वय को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस लाइन नैनीताल में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान कानून व्यवस्था, पर्यटकों की सुरक्षा और संयुक्त सतर्कता पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में दुर्गा बहादुर सुनार और डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद में तैनात एसएसबी अधिकारियों और जवानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसएसबी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ पर्यटकों के प्रति सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें और स्थानीय पुलिस के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर कार्य करें।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी पुलिस और एसएसबी के बीच मजबूत समन्वय, सतर्कता और संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता और आपसी सहयोग से आमजन और पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा। इस अवसर पर डॉ. जगदीश चन्द्र, मनोज कुमार कत्याल, रेवाधर मठपाल सहित पुलिस और एसएसबी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






