- मुख्यमंत्री धामी के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय की बड़ी पहल, 15 उपनिरीक्षक बने निरीक्षक, डीजीपी बोले- मनोबल बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस में लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नतियों का सिलसिला लगातार जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में पुलिस कर्मियों के मनोबल और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस मुख्यालय ने एक बार फिर बड़ी पदोन्नति सूची जारी की है। इस बार नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना संवर्ग के 15 उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। इसके साथ ही पिछले दो वर्षों में पदोन्नति पाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्या 1640 तक पहुंच गई है। पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 और 2026 उत्तराखंड पुलिस के लिए पदोन्नति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहे हैं। वर्ष 2025 में एक हजार से अधिक पुलिस कर्मियों को पदोन्नति दी गई, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 580 अधिकारियों और कर्मचारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया जा चुका है। नागरिक पुलिस, अभिसूचना, सशस्त्र पुलिस, दूरसंचार तथा अग्निशमन सेवा सहित विभिन्न शाखाओं के कुल 1640 कर्मियों को इसका लाभ मिला है।
वर्ष 2026 में अब तक 13 पुलिस उपाधीक्षकों (कनिष्ठ वेतनमान), 2 पुलिस उपाधीक्षकों (एम), 26 निरीक्षकों, 144 उपनिरीक्षकों, 63 अपर एवं सहायक उपनिरीक्षकों तथा 332 मुख्य आरक्षियों को पदोन्नति प्रदान की जा चुकी है। पुलिस विभाग का मानना है कि इससे न केवल कार्यकुशलता बढ़ेगी बल्कि पुलिस बल में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार भी होगा। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सभी पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी पदोन्नति किसी भी संगठन की कार्यक्षमता और मनोबल को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने उत्तराखंड शासन के गृह एवं कार्मिक विभाग तथा पुलिस मुख्यालय के कार्मिक अनुभाग की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा में पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करना पुलिस संगठन की प्रतिबद्धता और प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है।







