- इलाज में लापरवाही के आरोपों के बीच स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक टीम करेगी पूरे मामले की पड़ताल
हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान बागेश्वर निवासी बुजुर्ग की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों द्वारा अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही के आरोप लगाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू करा दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या चिकित्सकीय लापरवाही सामने आती है तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि बागेश्वर निवासी 65 वर्षीय प्रेम गिरी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि समाचार माध्यमों के जरिए मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग और सिटी मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम गठित कर पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। डीएम ने कहा कि प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से ले रहा है और यदि जांच में दोष सिद्ध होता है तो संबंधित अस्पताल और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस रुख के बाद अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि बुजुर्ग की मौत सामान्य चिकित्सकीय जटिलता थी या फिर इसके पीछे किसी स्तर पर लापरवाही जिम्मेदार थी।







