Home Blog Page 27

आज से शुरू हुई उप खनिज निकासी की प्रक्रिया, डीएम ने विभागों को दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश

  • वन विकास निगम, परिवहन विभाग और खान विभाग को व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश
  • डंपर संगठन व अन्य स्टेकहोल्डर्स से समन्वय पर जोर

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में उप खनिज निकासी को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 से उप खनिज निकासी के लिए औपचारिक रूप से नोटिफिकेशन जारी हो गया है। इसके साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर निकासी का कार्य सुचारू रूप से शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने वन विकास निगम को उप खनिज निकासी क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है। इसमें अप्रोच रोड, संपर्क मार्ग और बैरियर सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना शामिल है। इसके अलावा खनिज की नाप-तौल में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का कैलिब्रेशन भी समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निकासी शुरू होने के बाद किसी तरह की तकनीकी समस्या सामने न आए।

उप खनिज निकासी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को लेकर भी परिवहन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को डंपर एवं अन्य वाहनों की फिटनेस तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत जरूरी औपचारिकताएं समय से पूरी करने को कहा गया है। जिला खनिज अधिकारी को डंपर संगठन, क्वेरी संचालकों और उप खनिज निकासी से जुड़े अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ विचार-विमर्श कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों की उपलब्धता समेत निकासी से संबंधित अन्य व्यवस्थाएं भी समय रहते पूरी की जाएं, ताकि उप खनिज निकासी का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारू रूप से संचालित हो सके। जिला प्रशासन का फोकस सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर उप खनिज निकासी व्यवस्था को समय पर शुरू कराने पर है।

हाईवे पर डंपर और स्कूटी की टक्कर, 14 वर्षीय किशोरी की मौत

  • नंदी ऑटोमोबाइल के पास हुआ हादसा
  • पिता गंभीर घायल, सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा उपचार

हल्द्वानी। हल्द्वानी-किच्छा हाईवे पर नंदी ऑटोमोबाइल के पास डंपर और स्कूटी की टक्कर में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया। उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता का उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर को करीब 11:35 बजे हाईवे पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने नंदी ऑटोमोबाइल के पास सड़क हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां स्कूटी संख्या UK 06 AU-1303 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली।

स्कूटी पर किच्छा के बंडिया खाद गोदाम नहर के पास निवासी करीब 42 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुत्र हेतराम और उनकी करीब 14 वर्षीय बेटी प्रेरणा सवार थीं। दोनों हादसे में घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा। उपचार के दौरान किशोरी प्रेरणा की मौत हो गई। वहीं, उसके पिता सुरेंद्र कुमार का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे में शामिल डंपर संख्या UK06CC-6222 को पुलिस ने मौके से कब्जे में ले लिया। दोनों वाहनों को चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

खटीमा में छेड़छाड़ के विरोध में युवक की पिटाई, मौत के बाद दो नामजद आरोपी गिरफ्तार

  • सरकारी नल के पास युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर मारपीट का आरोप
  • उपचार के दौरान रोहित की मौत
  • पुलिस ने दोनों आरोपियों को पुराने रेलवे फाटक के पास से पकड़ा

खटीमा। खटीमा कोतवाली क्षेत्र के खेतलसंडा खाम में मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सरकारी नल के पास पानी लेने गई युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके पिता रोहित के साथ मारपीट की गई थी। उपचार के लिए ले जाते समय 28 सितंबर को रोहित की मौत हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने 29 सितंबर को दोनों आरोपियों को पुराने रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को खेतलसंडा खाम स्थित सरकारी नल के पास एक युवती पानी लेने गई थी। इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है। युवती के पिता रोहित ने इसका विरोध किया तो नामजद आरोपी संजय और सुभाष ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। तहरीर के मुताबिक, संजय ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। 

परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए विभिन्न चिकित्सालयों में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय 28 सितंबर को करीब नौ बजे उनकी मौत हो गई। रोहित की मौत के बाद वादिनी की तहरीर पर कोतवाली खटीमा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 117(2), 3(5) और 74 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ सुरागरसी-पतारसी शुरू की गई। पुलिस के लगातार प्रयासों के बीच 29 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने खेतलसंडा स्थित पुराने रेलवे फाटक के पास दबिश दी। यहां से पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खेतलसंडा खाम निवासी 33 वर्षीय सुभाष पुत्र स्वर्गीय रामभरोसे और 35 वर्षीय संजय पुत्र स्वर्गीय रामभरोसे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों को 30 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय, हेड कांस्टेबल गणेश कुमार और कांस्टेबल चालक कुलदीप सिंह शामिल रहे।

फर्जी आधार और मृत्यु प्रमाण पत्र से भूमि का विरासतन नामांतरण, आयुक्त ने दिए जांच और FIR के निर्देश

  • मल्ला निगलाट में शिकायत के बाद खुला मामला
  • राजस्व कर्मियों की भूमिका की भी होगी जांच
  • संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर एक माह बाद भूमि बिक्री का आरोप

नैनीताल। ग्राम सभा मल्ला निगलाट में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि का विरासतन नामांतरण कराए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी नैनीताल को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। प्रथम दृष्टया दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और मामले से जुड़े राजस्व कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। ग्राम सभा मल्ला निगलाट, पट्टी पाडली, तहसील श्री कैंचीधाम के ग्रामीणों ने 29 सितंबर को आयुक्त कुमाऊं मंडल को शिकायत दी। शिकायत के अनुसार, ग्राम के निवासी मनिक मेहरा ऑनलाइन रजिस्ट्री की नियमित निगरानी करते थे। इसी दौरान भूमि के अभिलेखों में कथित रूप से संदिग्ध नामांतरण की जानकारी सामने आई। ग्रामीणों का कहना है कि खतौनी में ओम प्रकाश पुत्र केशवदत्त का नाम दर्ज किया गया, जबकि गांव में इस नाम का कोई व्यक्ति निवास नहीं करता। शिकायतकर्ताओं ने यह भी कहा कि खतौनी में दर्ज केशवदत्त पुत्र चन्द्रमणी नाम का व्यक्ति भी वर्तमान में गांव में मौजूद नहीं है।

मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि केशवदत्त की मृत्यु वर्ष 1983 में हो चुकी थी। इसके बावजूद वर्ष 2026 में कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर भूमि में वारिसान दर्ज कराया गया। ग्रामीणों के अनुसार, रजिस्ट्री में लगाए गए आधार कार्ड में दर्ज व्यक्ति की पहचान और उम्र को लेकर भी गंभीर सवाल हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आधार कार्ड उत्तर प्रदेश के किसी व्यक्ति का है, जिसकी उम्र करीब 40 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जबकि रजिस्ट्री में संबंधित व्यक्ति की उम्र 73 वर्ष दर्शाई गई है। आयुक्त दीपक रावत ने 30 सितंबर को नैनीताल कार्यालय में ग्रामीणों, तहसीलदार श्री कैंचीधाम, राजस्व कर्मियों और अन्य पक्षकारों की मौजूदगी में मामले की सुनवाई की। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील श्री कैंचीधाम के कानूनगो ने 21 अगस्त 2026 को विरासतन नामांतरण पारित किया और इसके ठीक एक माह बाद संबंधित भूमि को श्रीमती संध्या बोरा द्वारा क्रय कर लिया गया। शिकायत में कुछ अन्य लोगों के भी प्रकरण में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त कुमाऊं मंडल ने जिलाधिकारी नैनीताल को लैंड फ्रॉड के दृष्टिकोण से पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र की वास्तविकता तथा उनके कथित कूटरचित होने की जांच कराने को कहा गया है। आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि यदि दस्तावेज जांच में फर्जी पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। साथ ही मामले में राजस्व कर्मियों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाए। आयुक्त दीपक रावत ने जनसामान्य से अपनी भूमि से संबंधित राजस्व अभिलेखों और ऑनलाइन प्रविष्टियों पर नियमित नजर रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध नामांतरण या प्रविष्टि की जानकारी सामने आने पर तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

मानदेय वृद्धि और पेंशन की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

  • आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने 2024 में गठित मानदेय वृद्धि कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की
  • सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये देने की भी उठाई मांग

हल्द्वानी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर उत्तराखंड सरकार से कार्रवाई की मांग की है। आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से सौंपा गया। संगठन ने कहा कि पूर्व में कई बार रैली और धरना-प्रदर्शन के माध्यम से सरकार का ध्यान मांगों की ओर आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में राज्य सरकार की ओर से प्रतिदिन 140 रुपये की वृद्धि करने की मांग की गई है। साथ ही केंद्र सरकार को प्रतिदिन 150 रुपये अतिरिक्त मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भेजने की मांग रखी गई है। संगठन का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार और विभाग के समक्ष अपना पक्ष रखती आ रही हैं। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से कार्यकर्ताओं में असंतोष बना हुआ है।

ज्ञापन में वर्ष 2024 में मानदेय वृद्धि को लेकर गठित कमेटी के निर्णय को सार्वजनिक करने की भी मांग की गई है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि कमेटी के गठन के बावजूद अब तक उसके निर्णय को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा की मांग भी उठाई है। संगठन ने मांग की है कि बिना किसी अतिरिक्त अर्हता की शर्त के सेवानिवृत्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 10 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाए। इसके साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई है।जिला अध्यक्ष रेखा आर्या और जिला उपाध्यक्ष पुष्पा चंदोला की ओर से दिए गए ज्ञापन में सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई गई है। संगठन ने कहा कि कार्यकर्ता लंबे समय से विभागीय और सरकारी स्तर पर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रही हैं और अब सरकार से ठोस निर्णय की अपेक्षा है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत सजे आंगनबाड़ी केंद्र, ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ में कार्यकर्ताओं का सम्मान

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और अभिभावकों को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी, बच्चों को बांटे उपहार

हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत हल्द्वानी के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और अभिभावकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और बच्चों को उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष गुंजन सदाना और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार हुसैन मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, लाभार्थियों और अभिभावकों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, नंदा गौरा योजना और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी समझाया गया।

मुख्य अतिथि गुंजन सदाना और आसमा बेगम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे लाभार्थियों तक पहुंचती है और समुदाय की भागीदारी भी बढ़ती है। सम्मेलन के दौरान बच्चों से संवाद कर उनके विचार सुने गए। बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ महिलाओं एवं अभिभावकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना रहा। लाभार्थी महिलाओं और अभिभावकों ने योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में वार्ड नंबर 26 नई बस्ती बनभूलपुरा के तीसरे केंद्र से कार्यकर्ता नाजरीन और सहायिका शाहीन कौसर तथा चौथे केंद्र से कार्यकर्ता सीमा और सहायिका नेहा अंसारी शामिल रहीं। वहीं, वार्ड नंबर 32 इंदिरा नगर पश्चिमी के पहले केंद्र से कार्यकर्ता बिना साहू, दूसरे केंद्र से कार्यकर्ता रेशमा परवीन और सहायिका जेबा तथा चौथे केंद्र से कार्यकर्ता रीनू सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के तहत महिलाओं और बच्चों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ सामुदायिक सहभागिता मजबूत करने का संदेश दिया गया।

दोहरे हत्याकांड का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

  • बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज भाई पर बहन और उसके प्रेमी की हत्या का आरोप
  • चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

हरिद्वार। कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम झबरेड़ी कलां में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, खोखे, जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को ग्राम झबरेड़ी कलां निवासी अमन उर्फ भरोसी पर अपनी बहन रुपा और सूरज उर्फ मुन्ना की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। मृतक सूरज के पिता अशोक की तहरीर पर कोतवाली झबरेड़ा में मुकदमा अपराध संख्या 158/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बहन और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग तथा इससे समाज में बदनामी होने की आशंका को हत्या की वजह बताया है। मामले में पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अमन उर्फ भरोसी मोटरसाइकिल से अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर नहर पुल पिकेट पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और ग्राम बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी अमन उर्फ भरोसी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। मुठभेड़ के संबंध में कोतवाली झबरेड़ा में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 160/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इसमें धारा 109(1) बीएनएस और 3/25(1-बी) आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और दोहरे हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

  • सेवा संकल्प अभियान के तहत महिलाओं और अभिभावकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, बच्चों को बांटे उपहार

हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा की आसमा बेगम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। सम्मेलन के दौरान गर्भवती महिलाओं, लाभार्थियों और अभिभावकों को मातृ एवं बाल कल्याण से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, नंदा गौरा योजना और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं को योजनाओं के लाभ, पात्रता और निर्धारित प्रक्रियाओं के संबंध में भी बताया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ संवाद कर उनके विचार सुने गए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के साथ अभिभावकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।

मुख्य अतिथि आसमा बेगम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं कल्याण से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में वार्ड संख्या 25 और वार्ड संख्या 17 से 20 के आंगनबाड़ी केंद्रों से कार्यकर्ता आदिबा, साहिल और गजाला तथा सुपरवाइजर हेमा जोशी मौजूद रहीं। वहीं वार्ड संख्या 22 और वार्ड संख्या 8 से 13 के केंद्रों से कार्यकर्ता नाजिश, साहिका और जाकरा तथा सुपरवाइजर वसुंधरा गुंजियाल शामिल हुईं।  इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों के अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता आसमा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लाभार्थी महिलाओं और अभिभावकों ने योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया।

एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव का पूरा परिणाम जारी, अध्यक्ष पद पर आर्यन बेलवाल की जीत

  • 18 राउंड की मतगणना के बाद आर्यन बेलवाल को 1723 वोट
  • मेहुल शाह को 1257 और धीरज बिष्ट को 988 वोट
  • अन्य पदों पर भी परिणाम घोषित

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के सभी प्रमुख पदों के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय आर्यन बेलवाल ने 1723 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्हें 466 वोटों के अंतर से विजेता घोषित किया गया। NSUI के मेहुल शाह को 1257 वोट, जबकि ABVP के धीरज बिष्ट को 988 वोट मिले। इस पद पर कुल 4047 मत दर्ज किए गए। उपाध्यक्ष पद पर पूरन सिंह मेवाड़ी ने 1411 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके बाद वशिष्ठ कुमार को 1266, योगेश ब्रजवासी को 786, योगेश चन्द्र को 183 और नोटा को 140 वोट मिले। इस पद पर 277 मत निरस्त हुए और कुल 4063 मत दर्ज किए गए। उपाध्यक्ष छात्रा पद पर दीपा रैकुनी ने 1970 वोट हासिल किए और 303 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। श्रेया पाण्डे को 1667 वोट मिले। नोटा को 125 और 301 मत निरस्त हुए।

सचिव पद पर सार्थक रस्तोगी विजयी रहे। उन्हें 2066 वोट मिले, जबकि भविष्य रावत को 1672 वोट प्राप्त हुए। दोनों के बीच 394 वोटों का अंतर रहा। नोटा को 322 और 3 मत निरस्त हुए। कुल 4063 मत दर्ज किए गए।  कोषाध्यक्ष पद पर अक्षिता आर्या ने 1857 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। दीपा बिनवाल को 1478 वोट और आलिमा को 353 वोट मिले। नोटा को 182 और 193 मत निरस्त हुए। कुल 4063 मत दर्ज किए गए। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर यतिन पाण्डे ने 1990 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। करन सिंह डोबाल को 1185 और गीता को 437 वोट मिले। नोटा को 216 तथा 234 मत निरस्त हुए। इस पद पर कुल 4062 मत दर्ज किए गए। संकाय प्रतिनिधि पदों के परिणाम भी जारी कर दिए गए हैं। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि के रूप में कोमल आर्या को विजयी घोषित किया गया। उन्हें 205 वोट मिले। वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद के परिणाम में आयुष माहेश्वरी को विजयी घोषित किया गया। उन्हें 95 वोट मिले।  कला संकाय प्रतिनिधि पद के परिणाम में अदिति पाठक को विजयी घोषित किया गया। उन्हें 133 वोट मिले।  छात्रसंघ चुनाव के परिणाम जारी होने के साथ ही कॉलेज में नई छात्रसंघ टीम को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। अध्यक्ष पद समेत विभिन्न पदों पर निर्वाचित प्रत्याशियों के परिणाम सामने आने के बाद अब छात्रसंघ की आगामी गतिविधियों पर सभी की नजर रहेगी।

एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर निर्दलीय आर्यन बेलवाल की जीत, 466 वोट से बाजी मारी

  • 18 राउंड की मतगणना पूरी, आर्यन बेलवाल को 1723 वोट
  • NSUI के मेहुल शाह को 1257 और ABVP के धीरज बिष्ट को 988 वोट

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित हो गया है। ABVP से बागी होकर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे आर्यन बेलवाल ने 466 वोटों से जीत दर्ज की। 18 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद आर्यन बेलवाल को कुल 1723 वोट मिले। वहीं NSUI के मेहुल शाह को 1257 वोट और ABVP के धीरज बिष्ट को 988 वोट प्राप्त हुए।

मतगणना के शुरुआती राउंड से ही आर्यन बेलवाल बढ़त बनाए हुए थे। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, उनकी बढ़त बनी रही और अंतिम राउंड के बाद जीत के आंकड़े पर मुहर लग गई।  आर्यन बेलवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मेहुल शाह को 466 वोटों के अंतर से पीछे छोड़ा। एमबीपीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए कुल 18 राउंड में मतगणना पूरी की गई। अंतिम आंकड़ों के सामने आने के साथ ही अध्यक्ष पद का परिणाम स्पष्ट हो गया। चुनाव परिणाम के बाद कॉलेज परिसर में प्रत्याशियों और समर्थकों की गतिविधियों पर पुलिस-प्रशासन की निगाह बनी हुई है।