- बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज भाई पर बहन और उसके प्रेमी की हत्या का आरोप
- चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
हरिद्वार। कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम झबरेड़ी कलां में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, खोखे, जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को ग्राम झबरेड़ी कलां निवासी अमन उर्फ भरोसी पर अपनी बहन रुपा और सूरज उर्फ मुन्ना की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। मृतक सूरज के पिता अशोक की तहरीर पर कोतवाली झबरेड़ा में मुकदमा अपराध संख्या 158/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बहन और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग तथा इससे समाज में बदनामी होने की आशंका को हत्या की वजह बताया है। मामले में पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अमन उर्फ भरोसी मोटरसाइकिल से अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर नहर पुल पिकेट पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और ग्राम बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी अमन उर्फ भरोसी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। मुठभेड़ के संबंध में कोतवाली झबरेड़ा में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 160/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इसमें धारा 109(1) बीएनएस और 3/25(1-बी) आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और दोहरे हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।
