Home Blog Page 26

धामी कैबिनेट के 24 बड़े फैसले: युवाओं से लेकर सीमांत विकास और वित्तीय प्रबंधन तक अहम निर्णय

  • बनबसा में पहली बार हुई मंत्रिमंडल की बैठक
  • वन भूमि से लेकर स्थानीय निकायों, शिक्षा, स्वास्थ्य, एयरपोर्ट विस्तार और सिंचाई व्यवस्था पर लिए गए फैसले

चम्पावत। भारत-नेपाल सीमा से सटे बनबसा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में रविवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में उत्तराखंड के विकास और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। एनएचपीसी परिसर में हुई बैठक में वन भूमि हस्तांतरण से लेकर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पंतनगर के विस्तार, वित्तीय अनुशासन, स्थानीय निकायों, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और प्रशासनिक ढांचे से जुड़े कुल 24 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मंत्रिमंडल ने वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों के तकनीकी परीक्षण और ऑनलाइन संरेखण की जांच को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नोडल अधिकारी, वन संरक्षण के कार्यालय में परियोजना प्रबंधन इकाई (PMU) के गठन को मंजूरी दी है। इसके लिए छह पद स्वीकृत किए गए हैं। वहीं वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के पट्टेदारों एवं कब्जाधारकों को भूमिधरी अधिकार देने से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। नैनीताल के लालकुआं में संबंधित पट्टेदारों और कब्जाधारकों को संक्रमणीय भूमिधर अधिकार दिए जाने तथा देहरादून के जौनसार-बावर में वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण का रास्ता भी साफ किया गया है। ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पंतनगर के विस्तारीकरण के लिए हस्तांतरित परिसंपत्तियों के संबंध में उत्तराखंड सीड्स एंड तराई डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड को ₹66.2916 करोड़ की अवशेष धनराशि जारी करने की मंजूरी दी गई। यह राशि निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार नवनिर्माण और अन्य कार्यों पर खर्च की जाएगी। संपत्ति के क्रय-विक्रय से जुड़े मामलों में PAN सत्यापन की व्यवस्था लागू करने का भी निर्णय लिया गया है। सरकार के अनुसार इससे गलत अथवा फर्जी PAN के इस्तेमाल को रोकने और आयकर विभाग को रिपोर्टिंग में डेटा की शुद्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। 

मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन संशोधन विधेयक-2026 को मंजूरी दी। संशोधित व्यवस्था के तहत 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक वार्षिक राजकोषीय घाटे की सीमा GSDP के तीन प्रतिशत तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक कुल संचयी ऋण की अधिकतम सीमा GSDP के 30 प्रतिशत निर्धारित की गई है। आपदा और सुरक्षा से जुड़ी परिस्थितियों में नियमानुसार अतिरिक्त छूट का प्रावधान रहेगा। वन विभाग में विभागाध्यक्ष से संबंधित व्यवस्था में भी संशोधन को मंजूरी मिली। निदेशक, नंदा देवी बायोस्फियर रिजर्व को विभागाध्यक्ष की सूची से हटाकर मुख्य वन संरक्षक, कुमाऊं और मुख्य वन संरक्षक, गढ़वाल को विभागाध्यक्ष घोषित किया जाएगा। सरकार के अनुसार इससे वनाग्नि, बाढ़, दैवीय आपदा और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी आपात परिस्थितियों में निर्णय एवं कार्रवाई तेज करने में मदद मिलेगी। छठवें राज्य वित्त आयोग की ओर से पंचायतीराज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों के संबंध में प्रस्तुत प्रतिवेदन को आगामी विधानसभा सत्र में रखने की मंजूरी दी गई। आयोग ने 2026-27 से 2030-31 की अवधि के लिए राज्य के शुद्ध कर राजस्व से स्थानीय निकायों को होने वाले अंतरण और वित्तीय-प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर सिफारिशें दी हैं। राज्याधीन सेवाओं में समूह ‘ग’ के पदों पर साक्षात्कार प्रक्रिया से जुड़े संशोधन को भी मंजूरी दी गई। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी के पद को संबंधित परिशिष्ट से हटाया जाएगा। वहीं उप कारापाल के पद पर शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा की व्यवस्था होने के कारण साक्षात्कार समाप्त किया जाएगा।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के कार्यों के परिसीमन संबंधी संशोधन को भी मंजूरी मिली। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी के पद को आयोग के परिशिष्ट से बाहर किया जाएगा। मंत्रिमंडल ने सतर्कता अधिष्ठान, उत्तराखंड के ढांचे के पुनर्गठन को भी मंजूरी दी है। इसमें 11 पद समर्पित किए जाएंगे, जबकि मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस के पांच पद बढ़ाने और छह नए पद सृजित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं भारतीय न्याय संहिता-2023 के अनुरूप सतर्कता अधिष्ठान से संबंधित पुरानी अधिसूचना में आवश्यक संशोधन को भी मंजूरी दी गई। नियोजन विभाग से जुड़े प्रस्ताव में उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास एवं विनियम अधिनियम की अनुसूची-3 में संशोधन को मंजूरी दी गई। इसके तहत सार्वजनिक अभिकरणों की परिसंपत्तियों के विनिवेश अथवा मुद्रीकरण से प्राप्त आय का 92 प्रतिशत हिस्सा संबंधित सार्वजनिक अभिकरणों को दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही 1873 के उत्तरी भारत नहर एवं जल निकास अधिनियम को निरस्त कर राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उत्तराखंड सिंचाई एवं जल निकासी विधेयक-2026 को विधानसभा के पटल पर रखने की मंजूरी दी गई। युवाओं के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा कौशल संवर्धन योजना-2026 को मंजूरी दी। योजना का उद्देश्य उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता और उद्यमिता को बढ़ाना है। सरकार के अनुसार राज्य के राजकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों तथा संबद्ध महाविद्यालयों में अध्ययनरत करीब 1.19 लाख विद्यार्थी योजना से लाभान्वित होंगे। योजना पर पांच वर्षों में करीब ₹200 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

राज्य में निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना के लिए निर्धारित नीति एवं मानकों में संशोधन को भी मंजूरी दी गई। संशोधित व्यवस्था के तहत पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम 2,500 वर्गमीटर और मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम 20,000 वर्गमीटर निर्मित क्षेत्र की व्यवस्था होगी। साथ ही गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावों के मूल्यांकन के लिए अलग मानक निर्धारित किए जाएंगे। टिहरी जिले की तहसील नरेंद्रनगर में उप निबंधक कार्यालय की स्थापना को भी मंजूरी दी गई। इसके क्षेत्राधिकार में नरेंद्रनगर तहसील के 98 और उप तहसील पावकी देवी के 35, कुल 133 राजस्व ग्राम शामिल होंगे। इससे क्षेत्रीय लोगों को पंजीकरण संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन विभागों में बेहतर समन्वय और प्रभावी प्रशासन के लिए महानिदेशक का नया पद सृजित करने को मंजूरी दी गई। सरकार के अनुसार इससे योजनाओं की निगरानी, क्रियान्वयन और केंद्र एवं राज्य की योजनाओं के बेहतर समन्वय में सहायता मिलेगी। कुक्कुट आहार सब्सिडी का भुगतान भी अब आधार सीडेड अथवा लिंक्ड बैंक खाते के माध्यम से DBT के जरिए किए जाने को मंजूरी दी गई है। राजकीय मेडिकल कॉलेजों में सीनियर रेजिडेंट, जूनियर रेजिडेंट और डेमोन्स्ट्रेटर की कमी को देखते हुए संबंधित पदों पर तैनात कार्मिकों के वेतन और मानदेय के पुनर्निर्धारण को मंजूरी दी गई। इसके अलावा वैक्टर जनित रोग नियंत्रण सेवा के कार्मिकों की भर्ती एवं सेवा शर्तों को विनियमित करने के लिए नई नियमावली को मंजूरी दी गई। उत्तराखंड राज्य कर्मचारियों की आचरण संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी देते हुए कर्मचारियों की चल-अचल एवं बहुमूल्य संपत्ति से जुड़े प्रावधानों को वर्तमान परिस्थितियों और अखिल भारतीय सेवा आचरण नियमावली के अनुरूप स्पष्ट एवं अद्यतन करने का निर्णय लिया गया है। मंत्रिमंडल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 19 से संबंधित अधिसूचना, उत्तराखंड जमींदारी विनाश एवं भूमि व्यवस्था नियमावली में संशोधन और उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की सौंदर्याकरण उपशाखा को निक्षेपित किए जाने सहित अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। 

दमुवाढूंगा में जन सुविधा शिविर, सैकड़ों लोगों ने उठाया सरकारी सेवाओं का लाभ

  • वार्ड 37 में आयोजित शिविर में UCC मैरिज रजिस्ट्रेशन से लेकर आयुष्मान, पैन, वोटर आईडी और ई-श्रम कार्ड की सुविधा, निशुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगा

हल्द्वानी। दमुवाढूंगा के वार्ड संख्या 37 में रविवार को जन सुविधा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने विभिन्न सरकारी एवं जनसुविधाओं का लाभ उठाया। पार्षद विद्या देवी और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हृदयेश कुमार के सहयोग से आयोजित शिविर में लोगों को एक ही स्थान पर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। चौफला चौराहा स्थित पार्षद विद्या देवी के आवास पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में UCC मैरिज रजिस्ट्रेशन, नए आयुष्मान कार्ड, वय वंदना 70 प्लस कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और ई-श्रम कार्ड समेत पासपोर्ट आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन किए और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कराईं। जन सुविधा शिविर के साथ ज्योति नेत्रालय, तिकोनिया चौराहा, हल्द्वानी के सहयोग से निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया। 

अनुभवी चिकित्सकों ने लोगों की आंखों की जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मोतियाबिंद और नाखूना के ऑपरेशन की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई। इससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। शिविर के आयोजन में ज्योति नेत्रालय के चिकित्सकों के साथ जनसेवा केंद्र के विशाल का विशेष सहयोग रहा। विभिन्न सरकारी दस्तावेजों और योजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को पूरा कराने में लोगों की सहायता की गई। आयोजकों के अनुसार, शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर सेवाओं का लाभ लिया। स्थानीय स्तर पर इस तरह के शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी सुविधाओं और आवश्यक दस्तावेजों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की बात कही गई। आयोजकों ने कहा कि जनसुविधाओं को आमजन तक पहुंचाना और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना इस तरह के शिविरों का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोगों की जरूरत के अनुसार भविष्य में भी जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सपा उत्तराखंड में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, प्रदेश से जिला स्तर तक सभी कार्यकारिणियां भंग

  • नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने की घोषणा
  • बोले—जल्द होगा नई कार्यकारिणियों का गठन
  • मेहनती और जुझारू कार्यकर्ताओं को मिलेगा सम्मान

देहरादून। समाजवादी पार्टी उत्तराखंड में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने प्रदेश की मौजूदा प्रदेश, जिला और महानगर कार्यकारिणियों के साथ-साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष द्वारा विभिन्न प्रकोष्ठों में की गई नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से भंग करने की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष ने यह निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर लिए जाने की बात कही है। अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आदेश एवं निर्देश के तहत उत्तराखंड की समस्त प्रदेश, जिला एवं महानगर कार्यकारिणियों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। इसके साथ ही पूर्व में प्रदेश अध्यक्ष की ओर से विभिन्न प्रकोष्ठों में की गई नियुक्तियां भी समाप्त कर दी गई हैं। इस फैसले के बाद अब पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को नए सिरे से तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि वह जल्द ही पूरे उत्तराखंड का भ्रमण करेंगे। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश भ्रमण के बाद नई प्रदेश, जिला और महानगर कार्यकारिणियों के साथ-साथ पार्टी के सभी प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा। अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि नई कार्यकारिणियों में मेहनती और जुझारू कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी तथा उन्हें उचित सम्मान दिया जाएगा। पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका देने पर जोर रहेगा। सपा प्रदेश अध्यक्ष के इस ऐलान के साथ उत्तराखंड में पार्टी के संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब नई कार्यकारिणियों के गठन और उनमें शामिल किए जाने वाले चेहरों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की नजरें प्रदेश नेतृत्व के अगले कदम पर रहेंगी।

भाजपा ने उत्तराखंड से दिनेश आर्य को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

  • केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए नाम पर लगाई मुहर
  • पश्चिम बंगाल उपचुनाव के लिए कोयल मल्लिक को बनाया प्रत्याशी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को उत्तराखंड समेत पश्चिम बंगाल के राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों को मंजूरी दी। पार्टी ने पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अभिनेत्री रुक्मिणी मल्लिक (कोयल मल्लिक) को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तराखंड में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए दिनेश आर्य के नाम को केंद्रीय चुनाव समिति ने स्वीकृति प्रदान की है। पार्टी के इस फैसले के बाद उत्तराखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

भाजपा ने पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए रुक्मिणी मल्लिक, जिन्हें कोयल मल्लिक के नाम से भी जाना जाता है, को प्रत्याशी घोषित किया है। केंद्रीय चुनाव समिति ने दोनों राज्यों के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी देते हुए आधिकारिक घोषणा की। भाजपा की ओर से 4 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दोनों उम्मीदवारों के नामों की जानकारी दी गई। पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ के हस्ताक्षर से जारी विज्ञप्ति में उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं।उत्तराखंड में दिनेश आर्य के नाम की घोषणा के साथ ही अब राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

रामनगर में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने टक्कर, बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत

  • चौधरी ढाबे के पास देर रात हुआ हादसा
  • पत्नी घायल, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

रामनगर। रामनगर क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। हादसा काशीपुर-रामनगर मार्ग पर चौधरी ढाबे के पास उस समय हुआ, जब काशीपुर से रामनगर की ओर आ रही नई काली स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे। कोतवाल रामनगर सुशील कुमार के अनुसार, हादसा 2 अक्टूबर की सुबह करीब 1:20 बजे हुआ। काली रंग की नई स्कॉर्पियो अस्थायी नंबर के साथ काशीपुर से रामनगर की ओर आ रही थी। इसी दौरान डंपर संख्या HR38AC 4554 पीरूमदारा से काशीपुर की ओर जा रहा था। चौधरी ढाबे के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस के अनुसार, हादसे में स्कॉर्पियो चालक यतीस यादव पुत्र सुरेश चंद यादव, निवासी शाहपुर बमेठा, थाना वेब सिटी, गाजियाबाद की मौत हो गई। उनकी पत्नी शीतल हादसे में घायल हुई हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि डंपर चालक द्वारा ओवरटेक किए जाने के दौरान यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव की पंचायतनामा कार्रवाई की जा रही है तथा पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले यतीस यादव राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे। हालांकि, उनके खेल रिकॉर्ड और उपलब्धियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जसपुर-टनकपुर के बीच चलेंगी उत्तराखंड परिवहन की बसें, जिप्सी संचालन को भी मिली मंजूरी

  • संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कई अहम फैसले
  • जसपुर-फाटो रेंज में 10 और जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन की अनुमति

हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल में परिवहन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई संभागीय परिवहन प्राधिकरण, हल्द्वानी संभाग की बैठक में जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसें चलाने की अनुमति दी गई। इसके अलावा जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों और वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन को भी मंजूरी दी गई। बैठक में कुमाऊं मंडल की परिवहन व्यवस्था को और सुगम बनाने के लिए विभिन्न नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट जारी करने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने अलग-अलग मार्गों पर परिवहन सुविधाओं की मांग और आवश्यकताओं की जानकारी प्राधिकरण के समक्ष रखी। मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परमिट प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया जाए, ताकि आम लोगों, परिवहन कारोबारियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। परमिट से संबंधित प्रस्तावों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

प्राधिकरण ने सर्वसम्मति से जसपुर-टनकपुर के मध्य उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन की अनुमति प्रदान की। इससे इस मार्ग पर सार्वजनिक परिवहन सुविधा के विस्तार का रास्ता साफ हुआ है। इसके साथ ही जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन को अनुमति दी गई है। वहीं वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन को भी मंजूरी दी गई। बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति दिए जाने पर भी सहमति बनी। इस निर्णय को महिला जिप्सी संचालकों के लिए रोजगार और पर्यटन गतिविधियों से जुड़ने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है। मंडलायुक्त ने कॉर्बेट और अन्य पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों के संचालन को लेकर वन विभाग से वर्तमान में संचालित जिप्सियों तथा पर्यटकों की संख्या के आधार पर विस्तृत जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक जिप्सियों की मांग और उपलब्धता का समुचित परीक्षण करने के बाद ही आगामी बैठक में आगे के संचालन को लेकर निर्णय लिया जाए। बैठक में विभिन्न मार्गों पर बस संचालन की मांग का भी गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता के अनुसार परिवहन परमिट जारी किए जा सकें। साथ ही निर्धारित मार्ग से अलग या निर्धारित रूट के विपरीत वाहन संचालित करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार सहित संबंधित अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

हरबंस सिंह ने संभाला एसपी सिटी हल्द्वानी का कार्यभार

  • जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण
  • कानून व्यवस्था मजबूत करना और शहर की यातायात व्यवस्था सुधारना रहेगी प्राथमिकता

हल्द्वानी। 2009 बैच के पीपीएस अधिकारी हरबंस सिंह ने आधिकारिक रूप से हल्द्वानी के एसपी सिटी का कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।एसपी सिटी हरबंस सिंह ने कहा कि थानों और चौकियों में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले पीड़ित नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाना चाहिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। हल्द्वानी शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए थाना और चौकी पुलिस बल को भी आवश्यकता के अनुसार यातायात व्यवस्था संभालने में लगाया जाएगा। 

शहर में यातायात संचालन को बेहतर बनाने और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने पर विशेष ध्यान रहेगा। एसपी सिटी ने कहा कि अनवर्कआउट अपराधों का जल्द से जल्द खुलासा किया जाएगा। लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके निस्तारण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय, रेंज और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। हरबंस सिंह 2009 बैच के अनुभवी पीपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने इससे पहले पौड़ी, देहरादून, नैनीताल, चमोली सहित विभिन्न जनपदों में जिम्मेदारियां संभाली हैं। इसके अलावा पीटीसी नरेंद्रनगर, एसडीआरएफ, एसपी विजिलेंस (हाइडिल), एसपी सिटी हल्द्वानी, एसपी क्राइम नैनीताल और अल्मोड़ा में भी सेवाएं दे चुके हैं। हल्द्वानी में एसपी सिटी का कार्यभार संभालने के बाद अब उनके सामने शहर की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।

कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के अध्यक्ष बने यतिन पांडे

  • एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के यतिन पांडे ने हासिल की जीत
  • जितेंद्र सिंह धामी उपाध्यक्ष और सुपर्णा भक्त छात्रा उपाध्यक्ष निर्वाचित

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्र महासंघ चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्बाध रूप से संपन्न हो गए। निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी परिणाम के अनुसार एमबीपीजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के यतिन पांडे छात्र महासंघ के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में छात्र राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के अध्यक्ष पद पर एमबीपीजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के छात्र यतिन पांडे को विजयी घोषित किया गया है। यतिन पांडे के अध्यक्ष निर्वाचित होने से एमबीपीजी कॉलेज का प्रतिनिधित्व विश्वविद्यालय स्तर पर भी हुआ है।

उपाध्यक्ष पद पर राजकीय महाविद्यालय सितारगंज के जितेंद्र सिंह धामी को विजयी घोषित किया गया है। वहीं छात्रा उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी राजकीय महाविद्यालय गदरपुर की सुपर्णा भक्त को मिली है। छात्र महासंघ के सचिव पद पर एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के संचित सिंह निर्वाचित हुए हैं। संयुक्त सचिव पद पर राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार की उदिती पांडे को विजयी घोषित किया गया है। कोषाध्यक्ष पद पर पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर के भुवन चंद्र जोशी निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार छात्र महासंघ चुनाव 2026-27 की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक, निष्पक्ष एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराई गई। कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से जारी परिणाम के बाद नवनिर्वाचित छात्र महासंघ पदाधिकारियों के सामने अब विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों से जुड़े छात्र हितों के मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी होगी।

शोएब अहमद ने उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद के उपाध्यक्ष का कार्यभार संभाला

  • 28 सितंबर को पूर्वाह्न में ग्रहण किया पदभार
  • शासन के आदेश के अनुपालन में हुई नियुक्ति
  • शोएब अहमद ने फोन पर हल्द्वानी एक्सप्रेस न्यूज़ से की पुष्टि

हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद में शोएब अहमद ने उपाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उत्तराखंड शासन के मंत्रिपरिषद अनुभाग की ओर से जारी आदेश के अनुपालन में उन्होंने 28 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न में परिषद के उपाध्यक्ष पद पर कार्यभार संभाला। शोएब अहमद ने फोन पर हल्द्वानी एक्सप्रेस न्यूज़ से बातचीत में इसकी पुष्टि की। कार्यभार प्रमाणक के अनुसार, उत्तराखंड शासन मंत्रिपरिषद अनुभाग के आदेश संख्या 593 (1)/14/1/1/XXI/2026 सीएक्स, देहरादून, दिनांक 25 सितंबर 2026 के अनुपालन में शोएब अहमद ने उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद के उपाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया।

कार्यभार प्रमाणक पर शोएब अहमद, उपाध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद के हस्ताक्षर हैं। वहीं, विशेष सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण डॉ. पराग मधुकर धकाते ने इसे प्रतिहस्ताक्षरित किया है। शोएब अहमद इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रमुख महासचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। हालांकि, उनके अनुसार वर्तमान में वह समाजवादी पार्टी के किसी पद पर नहीं हैं। निकाय चुनाव के दौरान सपा की प्रदेश कार्यकारिणी भंग किए जाने के बाद संगठन में उनकी पूर्व पद की जिम्मेदारी भी समाप्त हो गई थी। 

आज से शुरू हुई उप खनिज निकासी की प्रक्रिया, डीएम ने विभागों को दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश

  • वन विकास निगम, परिवहन विभाग और खान विभाग को व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश
  • डंपर संगठन व अन्य स्टेकहोल्डर्स से समन्वय पर जोर

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में उप खनिज निकासी को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 से उप खनिज निकासी के लिए औपचारिक रूप से नोटिफिकेशन जारी हो गया है। इसके साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर निकासी का कार्य सुचारू रूप से शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने वन विकास निगम को उप खनिज निकासी क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है। इसमें अप्रोच रोड, संपर्क मार्ग और बैरियर सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना शामिल है। इसके अलावा खनिज की नाप-तौल में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का कैलिब्रेशन भी समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निकासी शुरू होने के बाद किसी तरह की तकनीकी समस्या सामने न आए।

उप खनिज निकासी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को लेकर भी परिवहन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को डंपर एवं अन्य वाहनों की फिटनेस तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत जरूरी औपचारिकताएं समय से पूरी करने को कहा गया है। जिला खनिज अधिकारी को डंपर संगठन, क्वेरी संचालकों और उप खनिज निकासी से जुड़े अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ विचार-विमर्श कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों की उपलब्धता समेत निकासी से संबंधित अन्य व्यवस्थाएं भी समय रहते पूरी की जाएं, ताकि उप खनिज निकासी का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारू रूप से संचालित हो सके। जिला प्रशासन का फोकस सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर उप खनिज निकासी व्यवस्था को समय पर शुरू कराने पर है।