जसपुर-टनकपुर के बीच चलेंगी उत्तराखंड परिवहन की बसें, जिप्सी संचालन को भी मिली मंजूरी

  • संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कई अहम फैसले
  • जसपुर-फाटो रेंज में 10 और जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन की अनुमति

हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल में परिवहन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई संभागीय परिवहन प्राधिकरण, हल्द्वानी संभाग की बैठक में जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसें चलाने की अनुमति दी गई। इसके अलावा जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों और वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन को भी मंजूरी दी गई। बैठक में कुमाऊं मंडल की परिवहन व्यवस्था को और सुगम बनाने के लिए विभिन्न नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट जारी करने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने अलग-अलग मार्गों पर परिवहन सुविधाओं की मांग और आवश्यकताओं की जानकारी प्राधिकरण के समक्ष रखी। मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परमिट प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया जाए, ताकि आम लोगों, परिवहन कारोबारियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। परमिट से संबंधित प्रस्तावों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

जसपुर-टनकपुर के बीच चलेंगी उत्तराखंड परिवहन की बसें, जिप्सी संचालन को भी मिली मंजूरी

प्राधिकरण ने सर्वसम्मति से जसपुर-टनकपुर के मध्य उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन की अनुमति प्रदान की। इससे इस मार्ग पर सार्वजनिक परिवहन सुविधा के विस्तार का रास्ता साफ हुआ है। इसके साथ ही जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन को अनुमति दी गई है। वहीं वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन को भी मंजूरी दी गई। बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति दिए जाने पर भी सहमति बनी। इस निर्णय को महिला जिप्सी संचालकों के लिए रोजगार और पर्यटन गतिविधियों से जुड़ने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है। मंडलायुक्त ने कॉर्बेट और अन्य पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों के संचालन को लेकर वन विभाग से वर्तमान में संचालित जिप्सियों तथा पर्यटकों की संख्या के आधार पर विस्तृत जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक जिप्सियों की मांग और उपलब्धता का समुचित परीक्षण करने के बाद ही आगामी बैठक में आगे के संचालन को लेकर निर्णय लिया जाए। बैठक में विभिन्न मार्गों पर बस संचालन की मांग का भी गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता के अनुसार परिवहन परमिट जारी किए जा सकें। साथ ही निर्धारित मार्ग से अलग या निर्धारित रूट के विपरीत वाहन संचालित करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार सहित संबंधित अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Read more

Local News