- सेवा संकल्प अभियान के तहत महिलाओं और अभिभावकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, बच्चों को बांटे उपहार
हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा की आसमा बेगम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। सम्मेलन के दौरान गर्भवती महिलाओं, लाभार्थियों और अभिभावकों को मातृ एवं बाल कल्याण से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, नंदा गौरा योजना और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं को योजनाओं के लाभ, पात्रता और निर्धारित प्रक्रियाओं के संबंध में भी बताया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ संवाद कर उनके विचार सुने गए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के साथ अभिभावकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।

मुख्य अतिथि आसमा बेगम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं कल्याण से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में वार्ड संख्या 25 और वार्ड संख्या 17 से 20 के आंगनबाड़ी केंद्रों से कार्यकर्ता आदिबा, साहिल और गजाला तथा सुपरवाइजर हेमा जोशी मौजूद रहीं। वहीं वार्ड संख्या 22 और वार्ड संख्या 8 से 13 के केंद्रों से कार्यकर्ता नाजिश, साहिका और जाकरा तथा सुपरवाइजर वसुंधरा गुंजियाल शामिल हुईं। इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों के अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता आसमा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लाभार्थी महिलाओं और अभिभावकों ने योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया।
