सेवा संकल्प अभियान के तहत सजे आंगनबाड़ी केंद्र, ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ में कार्यकर्ताओं का सम्मान

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और अभिभावकों को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी, बच्चों को बांटे उपहार

हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत हल्द्वानी के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और अभिभावकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और बच्चों को उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष गुंजन सदाना और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार हुसैन मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, लाभार्थियों और अभिभावकों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, नंदा गौरा योजना और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी समझाया गया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत सजे आंगनबाड़ी केंद्र, ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ में कार्यकर्ताओं का सम्मान

मुख्य अतिथि गुंजन सदाना और आसमा बेगम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे लाभार्थियों तक पहुंचती है और समुदाय की भागीदारी भी बढ़ती है। सम्मेलन के दौरान बच्चों से संवाद कर उनके विचार सुने गए। बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ महिलाओं एवं अभिभावकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना रहा। लाभार्थी महिलाओं और अभिभावकों ने योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में वार्ड नंबर 26 नई बस्ती बनभूलपुरा के तीसरे केंद्र से कार्यकर्ता नाजरीन और सहायिका शाहीन कौसर तथा चौथे केंद्र से कार्यकर्ता सीमा और सहायिका नेहा अंसारी शामिल रहीं। वहीं, वार्ड नंबर 32 इंदिरा नगर पश्चिमी के पहले केंद्र से कार्यकर्ता बिना साहू, दूसरे केंद्र से कार्यकर्ता रेशमा परवीन और सहायिका जेबा तथा चौथे केंद्र से कार्यकर्ता रीनू सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के तहत महिलाओं और बच्चों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ सामुदायिक सहभागिता मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Read more

Local News