नैनीताल। पश्चिम एशिया में जारी संकट के चलते एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने के बाद जिला प्रशासन ने अब सख्त और व्यवस्थित व्यवस्था लागू कर दी है।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के आवंटन के लिए नई एसओपी लागू करते हुए स्पष्ट किया है कि अब विवाह समारोहों के लिए अधिकतम दो ही व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस निर्णय के बाद गैस आपूर्ति को लेकर पारदर्शिता और नियंत्रण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन सक्रिय हो गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सिलेंडर आवंटन की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए तहसील स्तर पर अधिकारियों को नामित किया गया है, जो आवेदकों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनकी जांच करेंगे और पात्र पाए जाने पर अस्थायी गैस कनेक्शन के लिए संस्तुति देंगे। इसके बाद संबंधित गैस एजेंसियों को सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे। जनपद की सभी तहसीलों नैनीताल, हल्द्वानी, रामनगर, कालाढूंगी, लालकुआं, धारी, खन्स्यू, श्रीकैंची धाम और बेतालघाट में उपजिलाधिकारियों व खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को इस व्यवस्था के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना दस्तावेजों के सत्यापन के कोई भी सिलेंडर आवंटित नहीं किया जाएगा, जिससे कालाबाजारी और दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।







