हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का दशम दीक्षांत समारोह 12 जनवरी 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में गरिमामय एवं शैक्षणिक वातावरण में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्य के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) करेंगे, जबकि उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कुलपति ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024–25 में उत्तीर्ण 18,129 विद्यार्थियों को स्नातक व स्नातकोत्तर तथा 6 शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की जाएगी।
साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए कुल 34 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा। स्नातक स्तर पर शिक्षा शास्त्र की प्रेरणा भट्ट और स्नातकोत्तर स्तर पर संस्कृत विषय के प्रवेश कुमार को कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका “उड़ान”, हिंदी वेबसाइट तथा 20 वर्षों की प्रगति पर आधारित पुस्तक ‘प्रगति के सोपान’ का भी विमोचन किया जाएगा। कुलपति ने कहा कि यह समारोह केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, समावेशी शिक्षा और सामाजिक दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है।






