हल्द्वानी। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और होरमुज जलडमरूमध्य के माध्यम से द्रवीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति में संभावित व्यवधान को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए नैनीताल जिले में विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी नैनीताल मनोज कुमार बर्मन ने समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि भारत सरकार के गजट संख्या-1180 दिनांक 9 मार्च 2026 के अनुसार मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण होरमुज जलडमरूमध्य से एलएनजी शिपमेंट प्रभावित होने की संभावना है, जिससे गैस आपूर्ति बाधित हो सकती है।

ऐसे में जिले में गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग पर सख्त निगरानी रखना आवश्यक हो गया है।उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने, प्रचार-प्रसार करने और लगातार प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी स्तर पर गैस की अवैध गतिविधियां न हो सकें। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति, संस्था या व्यापारी गैस की कालाबाजारी या अवैध भंडारण करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ Essential Commodities Act 1955 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी और की गई कार्रवाई की सूचना जिला पूर्ति कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन के इस निर्देश के बाद जिले में संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय हो गई हैं और गैस एजेंसियों व बाजारों में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।









